13 मई: धौलाधार की बर्फीली वादियों में स्थित श्री आदि हिमानी चामुंडा मंदिर में इस वर्ष भी खोली के युवा नौवें वार्षिक भंडारे का आयोजन करने जा रहे हैं। 17 मई को मां के दरबार में श्रद्धालुओं के लिए कांगड़ी धाम परोसी जाएगी। युवाओं ने प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से आने वाले भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
खोली के युवाओं द्वारा लगातार नौ वर्षों से मां के प्रांगण में भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष कांगड़ी धाम तैयार की जाएगी। युवाओं ने मंदिर आने वाले भक्तों से यात्रा मार्ग और मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा है कि खाने-पीने के बाद खाली रैपर, कागज, पत्तल और गिलास इधर-उधर न फेंके, बल्कि अपने साथ वापस ले जाएं, ताकि इस पवित्र स्थल की सुंदरता और पवित्रता बनी रहे।
चार माह तक बर्फबारी के कारण बंद रहने के बाद श्री आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। कपाट खुलते ही मंदिर में भक्तों की आवाजाही बढ़ने लगी है। हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
वहीं मंदिर परिसर तक पानी की सुविधा पहुंचने से श्रद्धालुओं और भंडारा लगाने वाले सेवकों को बड़ी राहत मिली है। पहले भक्तों को घर से पानी लेकर आना पड़ता था, लेकिन अब मंदिर परिसर में पानी उपलब्ध होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। युवाओं ने श्रद्धालुओं से 17 मई को अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर लंगर का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।