12 मई: भारत में मंगलवार, 12 मई 2026 को सोना और चांदी के बाजार में सुबह के समय तेजी देखने को मिली, लेकिन दिन बढ़ने के साथ दोनों धातुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव, अमेरिकी डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का सीधा असर बुलियन मार्केट पर पड़ा है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना शुरुआती कारोबार में बढ़कर 1,54,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर पहुंच गया था, लेकिन बाद में इसमें गिरावट देखने को मिली। दोपहर तक सोना करीब 1,53,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता नजर आया।
वहीं चांदी ने भी शुरुआती कारोबार में करीब 1.2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,82,000 रुपये प्रति किलो का स्तर छू लिया था, लेकिन बाद में इसमें तेज गिरावट आई। इसके बाद चांदी लगभग 1.5 प्रतिशत टूटकर 2,74,000 रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार करने लगी।
मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखा गया। होर्मुज जलडमरूमध्य में संभावित बाधा को लेकर सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड लगभग 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया, जबकि ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर कारोबार करता दिखा।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर स्थिति लंबे समय तक तनावपूर्ण रहती है, तो वैश्विक महंगाई पर और दबाव बढ़ सकता है, जिसका असर आने वाले दिनों में सोना-चांदी के दामों पर भी देखने को मिल सकता है।