किन्नौर के मूरंग में अग्निकांड से मची तबाही, एक घर खाक; दो घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त

12 मई : जनजातीय जिला किन्नौर के पूह उपमंडल के तहत मूरंग पंचायत के थवारिंग वार्ड में भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है, जिसमें लाखों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जानमाल की हानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले स्थानीय निवासी अरविन्द कुमार के घर में लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में उसने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी लपटें आसमान तक उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों के प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा पूरा क्षेत्र इसकी चपेट में आ सकता था।

इस अग्निकांड में सबसे अधिक नुकसान अरविन्द कुमार के परिवार को हुआ है, जिनका घर और जीवनभर की कमाई का सारा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके अलावा आग की चपेट में आने से पड़ोसी हंस राज और यशमान सिंह के घरों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है।

पूह के एडीएम घनश्याम दास शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। अरविन्द कुमार को 20 हजार रुपये, हंस राज को 10 हजार रुपये और यशमान सिंह को 10 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का विस्तृत आकलन कर रही है, जिसके बाद राहत मैनुअल के अनुसार प्रभावित परिवारों को आगे मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *