12 मई: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) ने NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। अब यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और इसकी नई तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा।
एजेंसी ने कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। यह निर्णय 10 मई 2026 की प्रेस रिलीज के क्रम में लिया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच अब सीबीआई को सौंपी गई है।
इस परीक्षा में 22 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे। अब सभी अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दोबारा कराई जाएगी, जिसकी नई तारीखें जल्द घोषित होंगी।
मामला राजस्थान के सीकर से सामने आए पेपर लीक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। शुरुआत में राजस्थान पुलिस की एसओजी ने जांच की थी और माना था कि पेपर सीधे लीक नहीं हुआ, लेकिन यह जरूर सामने आया कि परीक्षा से पहले एक ‘गेस पेपर’ वायरल हुआ था।
जांच में यह भी सामने आया कि वायरल गेस पेपर और मुख्य परीक्षा के प्रश्नों में काफी समानता थी। बताया जा रहा है कि करीब 120 से 150 सवाल मेल खाते थे, जिनमें केमिस्ट्री और बायोलॉजी के कई प्रश्न शामिल थे। अब पूरे मामले की जांच सीबीआई द्वारा की जाएगी।