बेटियों की मेहनत लाई रंग, नादौन कन्या विद्यालय ने फिर बनाई पहचान

11 मई, नरेश मालोटिया: पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन (कन्या अनुभाग) की छात्राओं ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय का नाम रोशन किया है। जमा-दो के बेहतरीन परीक्षा परिणाम के बाद अब दसवीं कक्षा की छात्राओं ने भी शत-प्रतिशत परिणाम देकर सफलता की नई मिसाल कायम की है।

विद्यालय के संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय की कुल 70 छात्राओं ने दसवीं की परीक्षा दी थी और सभी छात्राएं सफल रही हैं। चौकाठ की छात्रा कृतिका ने 683 अंक हासिल कर विद्यालय में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं सुधंगल की अक्षिता ने 682 अंक लेकर दूसरा और अनन्या ने 674 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।

विद्यालय के परिणाम की खास बात यह रही कि करीब 25 से 30 छात्राओं ने 600 से अधिक अंक हासिल किए हैं। इसके अलावा कई छात्राओं ने विभिन्न विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

विद्यालय लगातार उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है। हाल ही में जमा-दो विज्ञान संकाय के परिणाम में विद्यालय की छात्रा रिद्धिमा शर्मा ने हिमाचल प्रदेश में छठा स्थान हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया था। लगातार बोर्ड मेरिट में स्थान बनाना इस बात का प्रमाण है कि विद्यालय में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान किया जा रहा है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसका श्रेय छात्राओं की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण को दिया। उन्होंने कहा कि पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय में संसाधनों और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में वृद्धि हुई है, जिसका सकारात्मक असर परीक्षा परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *