धर्मशाला-चंडीगढ़ हाईवे पर अचानक गिरा विशाल पेड़, दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त

11 मई: धर्मशाला-चंडीगढ़ हाईवे पर सोमवार सुबह बनखंडी के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 10:45 बजे एक विशाल सिंबल का पेड़ जड़ों समेत उखड़कर अचानक सड़क पर गिर पड़ा। इस दौरान वहां से गुजर रही दो गाड़ियां पेड़ की चपेट में आ गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे के समय हाईवे पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। पास ही मां बगलामुखी मंदिर होने के कारण क्षेत्र में श्रद्धालुओं और यात्रियों की भीड़ रहती है। गनीमत यह रही कि कोई राहगीर, दोपहिया चालक या यात्री इसकी सीधी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा जानी नुकसान टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ इतनी तेजी से गिरा कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों ने इसे बड़ा चमत्कार बताते हुए कहा कि इतने व्यस्त मार्ग पर इतना बड़ा पेड़ गिरने के बावजूद किसी की जान नहीं गई। लोगों का कहना है कि कुछ सेकंड का फर्क भी बड़ा हादसा बन सकता था।

सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर यातायात बहाल किया गया। इस घटना के बाद सड़क किनारे खड़े पुराने और जर्जर पेड़ों की सुरक्षा जांच को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *