एटीएम में महिला को बनाया निशाना, मिनटों में खाते से निकाले 40 हजार

10 मई: ऊना जिले के अम्ब क्षेत्र में एटीएम ठगी का मामला सामने आया है। यहां दो शातिर युवकों ने एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 40 हजार रुपए निकाल लिए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार आदर्श नगर अम्ब की रहने वाली महिला एटीएम से पैसे निकालने गई थी। इसी दौरान दो युवक भी बूथ में आ गए और अपनी बारी का इंतजार करने लगे। जब महिला पैसे निकाल रही थी तो आरोपियों ने चालाकी से उसका गुप्त पिन नंबर देख लिया। इसके बाद उन्होंने महिला को बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। महिला को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं हुआ।

कार्ड बदलने के बाद दोनों आरोपी वहां से कुछ दूरी पर स्थित दूसरे एटीएम में पहुंचे और महिला के खाते से 40 हजार रुपए निकाल लिए। हालांकि बैंक की दैनिक निकासी सीमा पूरी होने के कारण खाते में बाकी रकम बच गई।

महिला को मोबाइल पर पैसे निकलने का संदेश मिला तो उसे ठगी का पता चला। वह तुरंत बैंक पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही लोगों से एटीएम इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने और किसी अजनबी को अपना पिन नंबर न दिखाने की अपील की गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *