10 मई: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें 26 वर्षीय ट्रक चालक की जान चली गई। मृतक की पहचान रविंद्र ठाकुर निवासी शोघी, जिला शिमला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुन्नी थाना क्षेत्र के बड़मैन धार के पास हुआ। शनिवार रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरा है। हादसे के दौरान ट्रक पलट गया और चालक उसके नीचे फंस गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। जेसीबी मशीनों की सहायता से करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।