10 मई: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जिले में लगातार किशोरियों को वैक्सीन लगाई जा रही है। शनिवार को विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 25 लड़कियों को एचपीवी के टीके लगाए गए। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल 1171 किशोरियां इस अभियान का लाभ उठा चुकी हैं।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि निजी अस्पतालों में एचपीवी वैक्सीन की कीमत सामान्यतः 10 हजार रुपये से अधिक होती है, लेकिन सरकार द्वारा किशोरियों को यह टीका नि:शुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है, ताकि भविष्य में उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि महिलाओं में लंबे समय तक रहने वाले संक्रमण के कारण सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। आंकड़ों के अनुसार इस बीमारी से प्रभावित लगभग 99.7 प्रतिशत महिलाओं में इसका मुख्य कारण संक्रमण ही पाया गया है। एक अध्ययन के मुताबिक प्रत्येक एक लाख महिलाओं में करीब 14 महिलाएं इस बीमारी से प्रभावित होती हैं।
डॉ. अजय अत्री ने कहा कि महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर है। इसी गंभीर बीमारी से बचाव और जागरूकता के उद्देश्य से सरकार द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।