9 मई: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 10वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम 10 मई को घोषित करेगा। बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रिजल्ट रविवार सुबह 11 बजे जारी किया जाएगा।
इस वर्ष प्रदेशभर से 93,564 विद्यार्थियों ने 10वीं की परीक्षा दी है। परीक्षाएं 3 मार्च से 29 मार्च तक आयोजित की गई थीं। वहीं परीक्षा संचालन के लिए प्रदेशभर में 384 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 5 अप्रैल से शुरू हुआ था, जिसके लिए प्रदेशभर में 41 मूल्यांकन केंद्र स्थापित किए गए। इस प्रक्रिया में करीब 5 हजार शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी।
बोर्ड अब 10वीं और 12वीं कक्षा के प्रमाण पत्रों को आधार कार्ड से जोड़ने की तैयारी भी कर रहा है। इस नई व्यवस्था से फर्जी प्रमाण पत्रों पर रोक लगाने और डुप्लीकेट सर्टिफिकेट प्राप्त करने की प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद मिलेगी।