8 मई: मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर जयदेवी गुरुद्वारे के समीप टिप्पर और ऑल्टो टैक्सी कार के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टैक्सी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी। हादसे में घायल हुए लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाहन से बाहर निकाला गया।
घायलों की पहचान हेतराम (25) निवासी सेरी पांगणा, हिमांशु (16) निवासी सुई पांगणा, बसंतु देवी (70), प्रेमलता (42) और बालक राम (48) निवासी सुई पांगणा, करसोग के रूप में हुई है। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।