देश में पहली बार ऑनलाइन जनगणना शुरू, खुद भर सकेंगे परिवार की पूरी जानकारी

7 मई: देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना-2027 की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है। पहले चरण के तहत ‘स्व-गणना’ सुविधा 7 मई से 21 मई तक उपलब्ध रहेगी। इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक पहली बार आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि लोग अपने मोबाइल नंबर और नाम के जरिए पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। ओटीपी सत्यापन के बाद नागरिकों को 33 सवालों की प्रश्नावली भरनी होगी। जानकारी सफलतापूर्वक जमा होने के बाद प्रत्येक परिवार को 11 अंकों की ‘एसई आईडी’ जारी की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा।

उन्होंने बताया कि स्वयं गणना करने वाले परिवारों को 22 मई से शुरू होने वाले जमीनी सर्वेक्षण में सुविधा मिलेगी। प्रगणक के घर पहुंचने पर केवल एसई आईडी दिखानी होगी और जानकारी रिकॉर्ड से मेल खाने पर प्रक्रिया तुरंत पूरी हो जाएगी।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जनगणना पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय प्रक्रिया है। इसमें किसी भी व्यक्ति से बैंक खाता, आधार नंबर या अन्य वित्तीय जानकारी नहीं मांगी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रगणक के आने पर उनका आधिकारिक पहचान पत्र जरूर जांचें।

उन्होंने कहा कि जनगणना का उद्देश्य विकास योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े जुटाना है। पहला चरण मई-जून 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित होगा। इसमें जनसंख्या, साक्षरता, रोजगार और जातिगत आंकड़ों सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जाएंगी।

नगर निगम प्रशासन ने जनगणना को सफल बनाने के लिए प्रगणकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया है और लोगों से इस डिजिटल अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *