मैक्लॉडगंज के कैफे में भीषण आग, लाखों का नुकसान; शॉर्ट सर्किट की आशंका

7 मई: धर्मशाला। कांगड़ा जिले के पर्यटन स्थल मैक्लॉडगंज के जोगीबाड़ा क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध ‘कैफे नईमा लहासा’ में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की इस घटना में कैफे के भीतर रखा फर्नीचर, मशीनरी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक कैफे से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने पूरे रेस्टोरेंट परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जांच में बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

कैफे संचालकों दावा पुतिन और ताशी ने बताया कि इस हादसे में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग के कारण रेस्टोरेंट का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कैफे का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *