6 मई: पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा की घटनाएं तेजी से सामने आ रही हैं। कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार रात भीड़ ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक पार्टी कार्यालय पर बुलडोजर चलाकर उसे गिरा दिया। इस दौरान आसपास की दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई और काफी नुकसान हुआ।
TMC ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह ‘परिवर्तन’ की राजनीति का नतीजा है।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर 4 लोगों की हत्या की गई है। इनमें BJP और TMC के दो-दो कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे हैं। BJP ने उत्तर 24 परगना के न्यू टाउन और हावड़ा के उदयनारायणपुर में अपने कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप TMC पर लगाया है। वहीं TMC का कहना है कि कोलकाता के बेलेघाटा और बीरभूम के नानूर में उसके दो सदस्यों की हत्या की गई है।
हिंसा के दौरान सुरक्षाबलों पर फायरिंग की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिसमें 5 लोग घायल हुए हैं। हालात को काबू में करने के लिए कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।