पठानकोट में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 7.73 ग्राम चिट्टे के साथ महिला सहित 6 आरोपी गिरफ्तार; कांगड़ा के 4 शामिल

6 मई: पठानकोट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.73 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) के साथ एक महिला समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर ‘चार मरला क्वार्टर’ इलाके में स्थित एक घर में दबिश देकर की है।

जानकारी के अनुसार पठानकोट पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि ‘चार मरला क्वार्टर’ स्थित एक घर में कुछ संदिग्ध लोग आ-जा रहे हैं और वहां नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए उस घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने वहां से 7.73 ग्राम हैरोइन बरामद की। इसके साथ ही मौके से नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाले 3 सिल्वर पेपर और 3 लाइटर भी जब्त किए गए।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुनीश उर्फ निशु पुत्र जसपाल, निवासी चार मरला क्वार्टर (पठानकोट), साहिल भारद्वाज पुत्र हरनाम सिंह निवासी गांव तलाड़ा, फतेहपुर (कांगड़ा), सोनू उर्फ काकू पुत्र तरनजीत सिंह निवासी राम नगर (पठानकोट), दीपक कुमार उर्फ दीपू पुत्र करतार सिंह निवासी गांव कुटाहल, फतेहपुर (कांगड़ा), विशाल शर्मा पुत्र सुदर्शन कुमार निवासी गांव सरकरती (कांगड़ा) और ज्योति पत्नी संदीप धीमान निवासी गांव बालोट (कांगड़ा) के रूप में की गई है।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-2, पठानकोट में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *