5 मई: हरिपुरधार क्षेत्र के गांव कफेंलू की बेटी निकिता चौहान ने चीन के सान्या में आयोजित 6वें बीच एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य निकिता ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को हराकर टीम को गोल्ड दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने वाली निकिता टीम की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहीं। उनकी इस उपलब्धि पर हरिपुरधार पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल देखने को मिला।
निकिता ने कबड्डी की शुरुआत चौथी कक्षा में अपने गांव के स्कूल से की थी। इसके बाद साई हॉस्टल धर्मशाला में प्रशिक्षण लेकर उन्होंने अपने खेल को निखारा और आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।
इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। परिजन राजेंद्र चौहान ने कहा कि निकिता ने कड़ी मेहनत और संघर्ष से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि बेटी ने पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है, जिस पर उन्हें गर्व है।