4 मई, नरेश मालोटिया , हमीरपुर जिला के अंतर्गत नादौन की मेधावी छात्रा रिद्धिमा शर्मा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश भर में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन की छात्रा रिद्धिमा ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की जमा-दो (12वीं) विज्ञान संकाय की परीक्षा में पूरे प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
रिद्धिमा शर्मा ग्राम कलूर की निवासी हैं। उनके पिता अश्वनी कुमार शर्मा और माता सीमा शर्मा अपनी बेटी की इस शानदार उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि रिद्धिमा का शैक्षणिक रिकॉर्ड पहले से ही बेहद उत्कृष्ट रहा है। इससे पूर्व उन्होंने 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 700 में से 699 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया था।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने रिद्धिमा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि पीएम श्री स्कूल के रूप में विकसित होने के बाद संस्थान लगातार उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है और रिद्धिमा की यह सफलता उसी का प्रमाण है।
लक्ष्य को लेकर गंभीर, कर्म पर पूरा विश्वास
रिद्धिमा शर्मा का दृष्टिकोण अन्य छात्रों से अलग है। वह अपनी भविष्य की योजनाओं को सार्वजनिक करने के बजाय पूरी तरह अपने लक्ष्य और मेहनत पर केंद्रित हैं। उनका मानना है कि सही समय आने पर परिणाम स्वयं उनकी मेहनत की कहानी कहेगा। यही सोच उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।