किन्नौर में मिसाल: शिगारचा पंचायत बनी निर्विरोध, एकता की दिखी ताकत

4 मई: किन्नौर के दुर्गम क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत शिगारचा ने एकता और लोकतांत्रिक परंपरा की मिसाल पेश करते हुए अपने जनप्रतिनिधियों का निर्विरोध चयन किया है। यह पंचायत जिले की पहली निर्विरोध चुनी गई पंचायत बन गई है।

ग्रामीणों ने एक विशेष बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया, जिसमें चंद्रकला को पंचायत प्रधान और संजीव को उप-प्रधान चुना गया। हाल ही में रूपी पंचायत से अलग होकर शिगारचा पंचायत का गठन हुआ है।

बैठक में सभी वार्डों के लिए भी प्रतिनिधियों का चयन किया गया। वार्ड नंबर-1 से मंगला देवी, वार्ड-2 से वरुण, वार्ड-3 से अजय कुमार, वार्ड-4 से सीमा देवी और वार्ड-5 से राज कुमारी को सदस्य चुना गया। सभी प्रतिनिधियों को ग्रामीणों का सर्वसम्मति से समर्थन मिला।

ग्रामीणों ने इस पहल का उद्देश्य गांव में आपसी भाईचारा और एकता बनाए रखना बताया। साथ ही यह भी तय किया गया कि भविष्य में भी पंचायत चुनाव इसी तरह सहमति से किए जाएंगे।

दिलचस्प बात यह है कि ग्रामीणों ने पांच वर्ष बाद प्रधान पद कांग्रेस समर्थित और उप-प्रधान पद भाजपा समर्थित उम्मीदवार को देने पर भी सहमति जताई है, जिससे संतुलन और सामंजस्य बना रहेगा।

ग्रामीणों की इस पहल की जिले सहित अन्य क्षेत्रों में भी सराहना हो रही है। इससे न केवल चुनावी खर्च में कमी आएगी, बल्कि पंचायत के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *