फर्जी या साजिश? शिमला के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

4 मई: शिमला में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कई निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम होने की धमकी मिली। अज्ञात स्रोत से आए इस मेल के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया और सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूल परिसरों को खाली करवा दिया गया।

बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेजा गया, जबकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया।

जिला उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से इस तरह के फर्जी और भ्रामक ईमेल समय-समय पर मिलते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही पहले ऐसे मामलों में कुछ नहीं मिला, लेकिन बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और सभी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। फिलहाल जांच जारी है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *