3 मई: जिला शिमला में उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटखाई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना कोटखाई की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल भरोटा निवासी गांव बगैन, डाकघर कलबोग, तहसील कोटखाई व जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय में प्रेम चौहान बनाम अनिल भरोटा (केस संख्या 386/2019) लंबित था, जो नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 (चेक बाउंस) से संबंधित है।
लगातार पेशी से बचने और फरार रहने के चलते न्यायालय ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। इसके बाद कोटखाई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके तहत उसे उप-जेल कैथू में दाखिल किया गया है।
इस कार्रवाई पर एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाया जा रहा अभियान आगे भी जारी रहेगा।