3 मई: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और प्रारंभिक तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जखेड़ा गांव की है। युवती की पहचान तमन्ना शर्मा, पुत्री उमेश कुमार, निवासी वार्ड नंबर 6 जखेड़ा के रूप में हुई है। वह खालसा कॉलेज, आनंदपुर साहिब में बी.कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी और छुट्टियों के चलते घर पर रह रही थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को तमन्ना घर के बाड़े में पशुओं को चारा डालने गई थी। वहां से कमरे में लौटने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए।
डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।