आनी सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक

3 मई: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जिस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए और घायलों के उपचार में कोई कमी न रहे।

जानकारी के अनुसार, आनी उपमंडल में शनिवार शाम को तेज आंधी के दौरान एक चीड़ का पेड़ चलती गाड़ी पर गिर गया। इस कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे के समय बोलेरो वाहन (एचपी 01के-4621) में छह शिक्षिकाएं और एक चालक सवार थे, जो स्कूल से लौट रहे थे।

घटना शाम करीब पांच बजे शमशर-गुगरा सड़क पर बाली ओल के पास हुई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से आनी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में सहयोग किया।

इस हादसे में स्नेहलता, बंटी, उषा और सीमा नामक चार शिक्षिकाओं की जान चली गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *