लवांडी में सड़क धंसी, 11 घंटे ठप रहा पठानकोट–मंडी हाईवे

2 मई: मंडी के पास बिजनी लवांडी पुल के समीप शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सड़क धंसने से पठानकोट–मंडी नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और लंबा जाम लग गया।

स्थिति को देखते हुए पद्धर प्रशासन ने तुरंत हाईवे बंद करने की एडवाइजरी जारी की और यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी। जोगिंद्रनगर से घटासनी, झटिंगरी, डायनापार्क होते हुए मंडी जाने और मंडी की ओर से आने वालों को कटिंडी–द्रंग मार्ग से सफर करने के लिए कहा गया। वहीं गरलोग–साहल मार्ग भी चालू रखा गया।

जानकारी के अनुसार, हाईवे के नीचे नए सुपर हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते लगातार खनन हो रहा है। इसी कारण सड़क कमजोर होकर धंस रही है। साथ ही पहाड़ी से गिरता मलबा और भारी वाहनों का दबाव समस्या को और गंभीर बना रहा है।

प्रशासन और संबंधित विभागों ने दिनभर मरम्मत कार्य तेज़ी से जारी रखा, जिसके बाद करीब शाम सात बजे मार्ग को फिर से बहाल कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *