2 मई: नादौन क्षेत्र में दो लड़कियों की शादी और गर्भवती होने का मामला सामने आने से प्रशासन में हलचल मच गई है। अस्पताल में जांच के दौरान आधार कार्ड के जरिए दोनों के नाबालिग होने का खुलासा हुआ। इनमें से एक की उम्र 17 साल 8 महीने और दूसरी की उम्र 15 साल पाई गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों लड़कियां इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थीं। पहले मामले में लड़की ने अपनी उम्र 19 वर्ष बताई, लेकिन आधार कार्ड दिखाने पर उसकी वास्तविक उम्र 17 साल 8 महीने निकली। वहीं दूसरे मामले में आधार कार्ड के अनुसार लड़की की उम्र 15 साल सामने आई।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस थाना नादौन को दी, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, दोनों लड़कियों का कहना है कि उनके आधार कार्ड में उम्र गलत दर्ज है और वे बालिग हैं। इस दावे को लेकर अब पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि मामले दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।