2 मई: आरएलए बिलासपुर और सोलन में वाहन पंजीकरण से जुड़े फर्जीवाड़े के मामले में मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज को सोलन पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले तीन माह से फरार चल रहा था और उसकी तलाश सोलन, बिलासपुर के साथ-साथ दिल्ली क्राइम ब्रांच भी कर रही थी।
जानकारी के अनुसार हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इससे पहले 3 अप्रैल को एक क्लर्क और पांच एजेंटों को भी इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है, जो विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी गौरव (32) निवासी पेहड़वीं, डाकघर भगेड़, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर को रणनीति के तहत पकड़ा गया। उस पर आरएलए सोलन में फर्जी आईडी तैयार कर लेन-देन करने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने इस कार्य के लिए कुछ एजेंट भी बनाए थे, जो लोगों से संपर्क कर उनसे पैसे लेते थे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।