कार के फुटमैट के नीचे छिपी चरस बरामद, जोगिंद्रनगर में 3 युवक गिरफ्तार

30 अप्रैल: मंडी जिला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जोगिंद्रनगर पुलिस ने एक कार से 656 ग्राम चरस बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस थाना जोगिंद्रनगर की टीम प्रभारी सकीनी कपूर के नेतृत्व में नियमित यातायात चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान जोगिंद्रनगर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की आल्टो कार (HP01D-9937) को जांच के लिए रोका गया। वाहन में चालक सहित तीन युवक सवार थे, जो पुलिस को देखकर घबरा गए।

संदेह के आधार पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी की पिछली सीट के फुटमैट के नीचे रखे दो पीले रंग के कैरी बैग से 656 ग्राम चरस बरामद की गई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान शुभम (21) पुत्र राकेश कुमार निवासी गांव कला पुल, डाकघर सढेहड़, तहसील धर्मशाला, अक्षय कुमार (21) पुत्र देश राज निवासी गांव व डाकघर घेरा, तहसील धर्मशाला और प्रवीण कुमार (26) पुत्र रमेश चंद निवासी गांव कुट, डाकघर चमीआरा, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *