नोगली में बड़ी बरामदगी, कार से मिली 218 बोतल शराब, दो आरोपी गिरफ्तार

30 अप्रैल: शिमला जिला में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नोगली क्षेत्र में रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन से अलग-अलग ब्रांड की 218 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिनमें बीयर के साथ अंग्रेजी और देसी शराब भी शामिल है।

मौके पर मौजूद दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। उनकी पहचान मुनीश कुमार (24), निवासी गांव शनोग, तहसील करसोग (मंडी) और संजय कुमार (33), निवासी गांव चिमनी, तहसील आनी (कुल्लू) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के पास शराब से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ अवैध शराब तस्करी का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। फिलहाल आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशे और शराब के कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *