कांगड़ा में नशा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार, 4.04 किलो चरस बरामद

30 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.04 किलोग्राम चरस बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने बताया कि सोमवार को नियमित गश्त के दौरान मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पंचरुखी थाना क्षेत्र में एक ऑल्टो के-10 कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से मादक पदार्थ बरामद हुआ। इस दौरान कुल्लू जिले के खुन्न गांव निवासी गोपाल (24) और डगुट गांव निवासी सुरेंद्र कुमार (37) को गिरफ्तार किया गया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच और तकनीकी विश्लेषण के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी एक बड़े तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं और यह खेप कांगड़ा जिले के पालमपुर निवासी कमलजीत सिंह उर्फ ‘काकू’ (39) और संगम शर्मा उर्फ ‘गोलू’ (26) को पहुंचाई जानी थी।

इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 18 घंटे के भीतर दोनों मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे जांच जारी है, ताकि गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *