30 अप्रैल: ऊना। शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन जिले के विभिन्न निकायों में कुल 11 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त) जतिन लाल ने दी।
नगर पंचायत टाहलीवाल में 3 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा। वार्ड नंबर 4 से राज कुमार, वार्ड नंबर 5 से राज कुमारी और वार्ड नंबर 7 से अनु देवी ने अपने-अपने परचे दाखिल किए। नगर पंचायत गगरेट में 2 प्रत्याशियों ने नामांकन किया, जिनमें वार्ड नंबर 4 से राज कुमारी और वार्ड नंबर 5 से रजिन्द्र कुमार शामिल हैं।
नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा में वार्ड नंबर 4 से सोमेश्वर कुमार ने नामांकन पत्र भरा। नगर पंचायत दौलतपुर में 2 उम्मीदवार मैदान में उतरे, जिनमें वार्ड नंबर 1 से रजनीश कुमार और वार्ड नंबर 3 से श्वेता शामिल हैं।
नगर पंचायत अंब में 3 उम्मीदवारों ने नामांकन दर्ज किए। वार्ड नंबर 3 से गौरव शर्मा और अंजली सूद ने परचे दाखिल किए, जबकि वार्ड नंबर 5 से प्रवीण कुमारी ने नामांकन भरा। वहीं, नगर परिषद संतोषगढ़ में पहले दिन कोई भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, उम्मीदवार 30 मई और 2 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। 1 मई को अवकाश रहेगा। 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 6 मई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 31 मई को की जाएगी।