30 अप्रैल: ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र के अंतर्गत अम्बोटा गांव में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से 45 पेटी से अधिक अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। विभाग ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अम्बोटा गांव के एक मकान में अवैध रूप से शराब का जखीरा छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर आबकारी निरीक्षक प्रदीप कुमार और राकेश रहालिया के नेतृत्व में टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की।
तलाशी के दौरान टीम को घर के भीतर अलग-अलग ब्रांड की 45 पेटी से अधिक अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने से अधिकारी भी हैरान रह गए। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है।
आबकारी विभाग के उपायुक्त विशाल गोरला ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई कर रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।