29 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश सरकार ने वन विभाग की भर्ती प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए फॉरेस्ट गार्ड के 500 नियमित पदों को समाप्त कर दिया है। इनकी जगह अब 500 असिस्टेंट फॉरेस्ट गार्ड के नए पद सृजित किए गए हैं। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है और निर्णय को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले के तहत अब इन पदों पर भर्ती नियमित वेतनमान के बजाय तय मानदेय पर की जाएगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन) कमलेश कुमार पंत द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, असिस्टेंट फॉरेस्ट गार्ड के रूप में चयनित अभ्यर्थियों को 16,000 रुपये प्रतिमाह फिक्स सैलरी दी जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत इन पदों को अस्थायी स्वरूप दिया गया है। साथ ही, सरकार ने भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण “वन मित्रों” के लिए निर्धारित किया है। नियुक्तियां रोस्टर प्रणाली के आधार पर की जाएंगी, जिससे विभिन्न वर्गों को नियमों के अनुसार अवसर मिल सके।
महत्वपूर्ण बात यह है कि वन मित्र श्रेणी के लिए किसी प्रकार का अनुभव अनिवार्य नहीं रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को मौका मिलने की संभावना है।