27 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। आगाहर से चंबा की ओर आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस की अचानक ब्रेक फेल हो गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिनमें कई लोग खड़े होकर सफर कर रहे थे।
चंबा से करीब 5 किलोमीटर पहले नाडू के पास ढलान उतरते समय चालक को ब्रेक फेल होने का अंदेशा हुआ। स्थिति को भांपते हुए उसने तुरंत यात्रियों को सतर्क रहने को कहा, जिससे बस में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बढ़ती रफ्तार के बीच चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे लगे मिट्टी के ऊंचे ढेर की ओर मोड़ दिया। बस के टकराते ही वह रुक गई और गहरी खाई में गिरने से बच गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।