नशे पर वार: HRTC बस से पकड़ा गया पंजाब का तस्कर

25 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) कुल्लू को एक और बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मंडी जिले के बगला (फोरलेन) के पास एक एचआरटीसी बस में कार्रवाई करते हुए पंजाब के एक व्यक्ति को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस को नशा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर बगला क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। इस दौरान कुल्लू की ओर से आ रही HRTC बस (HP 42-3331) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान सीट नंबर-19 पर बैठे एक यात्री के पास से 23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार (40), निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए हेमराज वर्मा (डीएसपी, STF कुल्लू) ने बताया कि पुलिस इस नेटवर्क की गहन जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी।

उन्होंने बताया कि पिछले 10 दिनों में STF कुल्लू ने 9 मामले दर्ज कर 13 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *