25 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (HPTU) हमीरपुर ने बीटेक से लेकर MBA समेत विभिन्न कोर्सेज की परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर की परीक्षाएं 29 मई से शुरू होकर जुलाई के पहले सप्ताह तक चलेंगी।
कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने बताया कि परीक्षाओं को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी परीक्षा केंद्रों के लिए शिक्षण संस्थानों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी संस्थान या अभ्यर्थी को संभावित तिथियों को लेकर कोई सुझाव या आपत्ति है, तो वह 14 मई तक भेज सकता है। इसके बाद 18 मई को परीक्षा की अंतिम तिथियां घोषित की जाएंगी।
इस बीच परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी जारी है। विद्यार्थी 27 अप्रैल तक बिना लेट फीस के ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं, जबकि 28 अप्रैल के बाद लेट फीस लागू होगी। विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।