24 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रसोई गैस की किल्लत से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार की नेशनल पीएनजी ड्राइव के तहत जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और वाहनों के लिए सीएनजी (CNG) स्टेशन स्थापित करने की योजना पर काम शुरू हो गया है।
प्रशासन ने जिले में छह प्रमुख स्थानों की पहचान की है, जहां जल्द ही गैस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें मेडिकल कॉलेज (जहां प्रारंभिक मंजूरी मिल चुकी है), सौली खड्ड (एचआरटीसी की भूमि), जेल रोड, सुंदरनगर स्थित बीबीएमबी कॉलोनी और डेंटल कॉलेज, तथा डैहर फोरलेन क्षेत्र शामिल हैं।
गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आपूर्ति प्रभावित होने के चलते मंडी जिले में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता मांग के मुकाबले करीब 80 प्रतिशत ही रह गई है। ऐसे में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पीएनजी और सीएनजी प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि गैस आपूर्ति सुचारू बनी रहे।
इस योजना के तहत चयनित स्थानों पर बड़े गैस टैंक स्थापित किए जाएंगे, जिन्हें ट्रकों के माध्यम से भरा जाएगा। वहीं पीएनजी के जरिए घरों तक पाइपलाइन बिछाकर सीधे गैस आपूर्ति की जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग या खत्म होने की चिंता से राहत मिलेगी और उन्हें 24 घंटे गैस उपलब्ध हो सकेगी।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक बृजेंद्र पठानिया ने बताया कि इस परियोजना के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय और आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। साथ ही, आम लोगों को पीएनजी के लाभों के प्रति जागरूक करने के लिए जल्द अभियान भी चलाया जाएगा।