24 अप्रैल: पुलिस थाना अम्ब के तहत ग्राम पंचायत ठठल में एक महिला की कुएं में गिरने से मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रजनी देवी (43) पत्नी स्वर्गीय राजिंद्र सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार यह घटना वीरवार दोपहर बाद वार्ड नंबर-9, गांव नक्की में हुई, जहां घर के समीप बने कुएं में महिला गिर गई। उस समय उसकी दोनों बेटियां स्कूल में थीं। घर लौटने पर जब मां दिखाई नहीं दी तो उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान बड़ी बेटी ने कुएं में झांककर देखा, जहां महिला नजर आई। इसके बाद स्थानीय लोगों को सूचना दी गई।
ग्रामीणों की मदद से महिला को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल अम्ब ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला के पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है।
मृतका की दो बेटियां हैं, जो वर्तमान में स्कूल में पढ़ाई कर रही हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है।
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।