24 अप्रैल: कांगड़ा जिले के बैजनाथ थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां 37 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया था, जिसके बाद उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक शादियों में काम करता था। घटना वाली रात वह एक समारोह से घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत बैजनाथ अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया।
टांडा अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।