24 अप्रैल: नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत सोलन पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए इसके अहम सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 42 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक यूजीन चिनवेउबा को दिल्ली से दबोचा है।
एसपी सोलन अभिषेक सेकर ने बताया कि 20 अप्रैल को थाना सदर सोलन में दर्ज मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों (दो बिहार और एक नेपाली नागरिक) के कब्जे से 9.93 ग्राम हैरोइन बरामद की थी। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने सप्लाई चेन की जांच आगे बढ़ाई, जिससे नेटवर्क के तार दिल्ली तक जुड़े पाए गए।
इसके बाद 22 अप्रैल को थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम दिल्ली भेजी गई। द्वारका क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 229 ग्राम हैरोइन और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में आरोपी को इस नेटवर्क का प्रमुख सप्लायर पाया गया है, जो विभिन्न राज्यों में नशे की सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के साथ-साथ विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।