24 अप्रैल: विदेश में पढ़ाई का सपना देख रहे एक युवक के साथ लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शातिरों ने पहले वीजा दिलाने के नाम पर उससे ₹20.41 लाख ठग लिए और बाद में उसके नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक से लोन लेकर गाड़ी तक खरीद ली।
जानकारी के अनुसार हमीरपुर जिला की ढटवाल तहसील के 24 वर्षीय निशांत ठाकुर ने घुमारवीं थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उसने आरोप लगाया है कि पंतेहड़ा निवासी अभिषेक कुमार शर्मा और घुमारवीं के एक अधिवक्ता मनीष शर्मा ने उसे विदेश भेजने का झांसा दिया। बेहतर भविष्य की उम्मीद में युवक ने नकद, गूगल-पे और एनईएफटी के माध्यम से कुल ₹20,41,364 रुपए आरोपियों को दे दिए।
पीड़ित के अनुसार, रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने न तो वीजा दिलवाया और न ही पैसे वापस किए। इसके बाद उन्होंने बिना जानकारी के युवक के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसके नाम पर बैंक से लोन लिया और उस पैसे से वाहन खरीद लिया। साथ ही उसके बैंक खाते का भी गलत इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल है।