गांव बढ़ाल में तेंदुए की दहशत, गाय का शिकार; लोगों ने की कार्रवाई की मांग

24 अप्रैल: ग्राम पंचायत बाड़ी के अंतर्गत आने वाले गांव बढ़ाल में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ पिछले कुछ समय से घरों के आसपास देखा जा रहा है और अब उसने एक गाय को शिकार बनाकर चिंता और बढ़ा दी है।

गांव के विपिन, रमेशचंद, अनिल, अजय और विनोद ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी तेंदुआ आबादी के पास देखा गया था। उस दौरान स्थानीय युवकों ने वन विभाग की मदद से रात के समय घरों के आसपास रोशनी रखी और शोर मचाकर उसे दूर भगाया था।

हाल ही में तेंदुए ने विपिन कुमार की गाय को निशाना बनाया, जिसे चरने के लिए जंगल के पास छोड़ा गया था। परिवार कई दिनों तक गाय की तलाश करता रहा, क्योंकि उसका छोटा बछड़ा भी घर पर था। बाद में गाय जंगल में मृत पाई गई, जिसे तेंदुआ सड़क किनारे से घसीटकर भीतर ले गया था।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में रेंज अधिकारी डाडासीबा राजेश कुमार ने बताया कि तेंदुए की निगरानी के लिए वन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है और जरूरत पड़ने पर उसे पकड़ने के लिए जाल भी लगाया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *