चुराह की बेटी काजल ठाकुर बनी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, क्षेत्र में गर्व का माहौल

23 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के Chamba district के उपमंडल Churah की बेटी काजल ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वह चुराह घाटी की पहली बेटी बन गई हैं, जिन्होंने सेना में अधिकारी बनकर एक नई मिसाल पेश की है।

काजल ठाकुर भंजराड़ू पंचायत के गांव डिकरीयूंड की निवासी हैं। Kolkata में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उनके माता-पिता भी मौजूद रहे। कंधों पर सितारे सजते ही परिजनों की आंखें गर्व से नम हो उठीं।

काजल का जीवन अनुशासन और मेहनत की मिसाल रहा है। उनके पिता जेबीटी शिक्षक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। बचपन से ही सेना में जाने का सपना देखने वाली काजल ने कड़ी मेहनत और लगन से इसे साकार किया।

उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर भंजराड़ू से प्राप्त की, जबकि माध्यमिक शिक्षा जेआरटी मेमोरियल स्कूल भंजराड़ू से पूरी की। इसके बाद उन्होंने डीएवी बनीखेत से उच्च शिक्षा हासिल की। काजल ने मिलिट्री नर्सिंग सर्विस की परीक्षा उत्तीर्ण की और चार वर्षों के कठिन प्रशिक्षण के बाद आज वह भारतीय सेना में अधिकारी बन गई हैं।

दुर्गम और सीमित संसाधनों वाले चुराह जैसे आकांक्षी क्षेत्र से निकलकर यह उपलब्धि हासिल करना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण को दर्शाता है। काजल आज न केवल एक सैन्य अधिकारी हैं, बल्कि पहाड़ी क्षेत्रों की हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मजबूत इरादों के साथ हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

पूरे क्षेत्र में उनकी इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है और लोग उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *