23 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। तहसील आनी के ग्राम पाली में संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया गया।
एसटीएफ ने राजस्व और वन विभाग के साथ मिलकर गुप्त सूचना के आधार पर मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पहाड़ी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती पाई गई। टीम ने करीब 2000 अवैध पौधों को कब्जे में लेकर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इस मामले में आनी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जमीन की पहचान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं, पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।