चंबा में संदिग्ध पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

22 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की भटियात तहसील के तहत नगाली पंचायत के शुकडाह गांव में एक संदिग्ध गुब्बारा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गुब्बारे पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) लिखा होने के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने खेतों में हवाई जहाज के आकार का यह गुब्बारा देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। गुब्बारे पर अंग्रेजी के साथ-साथ उर्दू भाषा में भी कुछ लिखा हुआ पाया गया है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया।

बताया जा रहा है कि नगाली पंचायत में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र के एक अन्य गांव में इसी तरह का गुब्बारा मिला था, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चंबा के एसपी विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हर पहलू से जांच की जा रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *