हिमाचल पंचायत चुनाव 2026: आज हो सकता है शेड्यूल का एलान, दोपहर 3:30 बजे प्रेस वार्ता

21 अप्रैल: शिमला: हिमाचल प्रदेश में पंचायत और शहरी निकाय चुनावों को लेकर आज बड़ा अपडेट सामने आ सकता है। राज्य निर्वाचन आयोग मंगलवार दोपहर 3:30 बजे राज्य सचिवालय में प्रेस वार्ता आयोजित करेगा, जिसमें चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत 31 मई से पहले चुनाव करवाना अनिवार्य है, जबकि प्रदेश की पंचायतों का कार्यकाल 31 जनवरी को समाप्त हो चुका है। ऐसे में चुनाव आयोग अब जल्द ही शेड्यूल जारी करने की तैयारी में है। राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची प्रेस वार्ता के दौरान चुनाव की तिथियों, आचार संहिता लागू होने की समय-सीमा और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेंगे।
बताया जा रहा है कि प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में कराए जा सकते हैं, जबकि शहरी निकाय चुनाव अलग से आयोजित किए जाएंगे। इस बार चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए 30 निर्धारित चुनाव चिह्न तय किए गए हैं। प्रत्याशियों को अपनी पसंद का चिह्न चुनने की अनुमति नहीं होगी, बल्कि इन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत क्रमवार आवंटित किया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रत्याशियों की सूची हिंदी (देवनागरी) में वर्णानुक्रम के आधार पर प्रकाशित की जाएगी।
प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां पहले ही तेज हो चुकी हैं। पंचायत स्तर पर कई उम्मीदवार दावेदारी जता रहे हैं, जबकि युवा वर्ग भी बड़ी संख्या में चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *