21 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कुनिहार क्षेत्र में एक चौंकाने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां शिमला की ओर जा रही एक कार दोची पुल के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई और सीधे नीचे बने श्मशानघाट में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीखे मोड़ पर सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार संतुलन बिगड़ने के बाद नीचे गिर गई। हादसा इतना खतरनाक था कि श्मशानघाट में लगा लोहे का भारी गार्डर कार के पिछले हिस्से को चीरते हुए अंदर तक घुस गया।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि कार में सवार दोनों युवक सुरक्षित बच गए और उन्हें केवल मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस तरह से लोहे का गार्डर कार के अंदर तक घुसा था, उससे बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन दोनों युवकों की किस्मत ने उनका साथ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को बाहर निकालकर यातायात बहाल किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवकों के बयान ले लिए हैं और हादसे के कारणों की जांच जारी है।