20 अप्रैल : अर्की (सोलन): जिला सोलन पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चरस की खेप सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अर्की और कुनिहार निवासी दो युवकों (आयु 31 व 32 वर्ष) को मोटरसाइकिल पर पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 249 ग्राम चरस बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ पुलिस थाना अर्की में मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और मामले की गहन पड़ताल जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक सोलन ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।