20 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में कीरतपुर-मनाली हाईवे पर स्थित जिया पुल के नीचे एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बुरी तरह झुलसी अवस्था में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे एक युवक को आग से झुलसा हुआ देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। युवक का शरीर काफी हद तक जल चुका था, लेकिन यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि वह आग की चपेट में कैसे आया।
घायल युवक की पहचान खुशी राम (28) निवासी गड़सा (ठेला), जिला कुल्लू के रूप में हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, वह 30 प्रतिशत से अधिक झुलस गया है और उसके शरीर का ऊपरी हिस्सा गंभीर रूप से प्रभावित है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।