बद्दी में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी बनी आफत, पार्किंग में खड़ी दो कारें जलकर खाक

20 अप्रैल: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब बसंती बाग मार्केट की पार्किंग में खड़े वाहनों में अचानक आग लग गई। नगर निगम बद्दी के वार्ड नंबर-8 में स्थित इस मार्केट के पास लगे बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक स्पार्किंग हुई, जिसने कुछ ही पलों में पास खड़ी दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर के नीचे एक ऑल्टो और एक ब्रेजा कार पार्क थीं। अचानक ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारियां सीधे वाहनों पर गिरीं और देखते ही देखते दोनों कारों में आग भड़क उठी। आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके थे। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि थोड़ी भी देरी होती, तो आग आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों तक फैल सकती थी।

इस हादसे में पंचकूला निवासी मुरारी लाल की ब्रेजा कार और देहरादून निवासी रामकुमार की ऑल्टो कार जल गईं। दोनों वाहन मालिकों ने बताया कि वे रोज की तरह अपनी गाड़ियां पार्क कर काम पर गए थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें इस हादसे की सूचना मिली।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *