18 अप्रैल : मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के नैण गांव में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की हत्या के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। इस घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है और हिमाचल प्रदेश पुलिस से जवाब तलब किया है।
आयोग ने इस घटना को बेहद निंदनीय और झकझोर देने वाला बताया है। आयोग ने यह भी याद दिलाया कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में कैंपस सुरक्षा को लेकर बैठक हुई थी, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद ऐसी घटना सामने आना प्रशासन पर सवाल खड़े करता है।
महिला आयोग ने पुलिस को निर्देश दिया है कि इस मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट 7 दिनों के भीतर प्रस्तुत की जाए। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी पुलिस को तेजी से कार्रवाई कर पीड़िता को न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजीपी को दिए गए प्रमुख निर्देश:
- आयोग की अध्यक्ष ने डीजीपी को पत्र लिखकर कहा है कि—
- मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए
- सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए
- निष्पक्ष और समयबद्ध जांच पूरी की जाए
- फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए जाएं
- पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए
यह मामला अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन चुका है और सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।