18 अप्रैल: कांगड़ा जिले के बैजनाथ क्षेत्र की खड़ानाल पंचायत में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां 19 वर्षीय युवक की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आयुष कुमार, पुत्र राम सिंह के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा गुरुवार को उस समय हुआ जब आयुष अपने एक मित्र के साथ घूमने निकला था। घूमते हुए दोनों पुन्न खड्ड के पास पहुंचे और वहां नहाने का निर्णय लिया। इसी दौरान आयुष ने पानी में छलांग लगाई, लेकिन अचानक गहरे पानी में फंस गया और खुद को संभाल नहीं सका।
बताया जा रहा है कि डूबते समय आयुष ने मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बैजनाथ थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक के माथे पर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका है कि छलांग लगाते समय उसका सिर किसी पत्थर से टकराया होगा, जिससे वह बेहोश होकर पानी में डूब गया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।